'सैयारा' की कहानी
कहानी संगीत की दुनिया में चमकने का सपना देखने वाले एक उभरते हुए कलाकार कृष कपूर (अहान पांडे) की है। अहान के एंट्री शॉट से ही साफ हो जाता है कि वह 'आशिकी 2' के आरजे और 'रॉकस्टार' के जेजे टाइप बेपरवाह, गुस्सैल, सिगरेट के कश खींचने वाला बंदा है। जबकि, उसके उलट वाणी बत्रा (अनीत पड्डा) एक शांत, समझदार, खुद में गुमसुम रहने वाली लड़की है, जो हाल ही में एक दर्दनाक ब्रेकअप से बाहर आई है। हां, टैलंटेड दोनों खूब हैं।
कृष में गाने बनाने और उसे सुरों से सजाने का हुनर है, तो वाणी लिखती अच्छा है। ऐसे में, जब ये दोनों मिलते हैं, तो जाहिर है एक दूसरे की जिंदगियों में नए रंग भरते हैं। उनके सपने उड़ान भरने लगते हैं, मगर मोहित सूरी की फिल्म हो, तो कहानी में ट्रैजिडी भी लाजिमी है। वाणी के साथ कुछ ऐसा होता है, जो उसे कृष से दूर होने पर मजबूर कर देता है। ऐसे में, कृष अपने प्यार और सपनों में से किसे चुनता है? उनकी प्रेम कहानी क्या मोड़ लेती है? यह आपको फिल्म देखकर पता चलेगा।