"एक अनसुलझी पहेली"
क़ाफ़िलों में भी अकेली हो गई हूँ,
इक अनसुलझी पहेली हो गई हूँ।
न रफ़ीक़, न हबीब कोई मुक़द्दर में,
ख़ुद ही ख़ुद की सहेली हो गई हूँ।
उम्र भर बदक़िस्मती ही रही मुअय्यन,
बिन लकीरों की हथेली हो गई हूँ।
रुसवाई और मलामत ही मिली सदा,
ग़मों में वीरान इक हवेली हो गई हूँ।
मेरे आँगन में तो ख़िज़ाँ का ही बसेरा रहा,
सबके आँगन में महकती चमेली हो गई हूँ।
कोई समझा ही नहीं मेरे हाल को "कीर्ति"
सब कहते हैं कि मैं अलबेली हो गई हूँ।