अपने ही घर में अजनबी
कभी-कभी बहुत कुछ कहना होता है,
मगर आवाज़ साथ नहीं देती।
गले में कितनी ही बातें अटकी रहती हैं,
और होंठों पर मुस्कान रखनी पड़ती है।
अंदर जाने कितने तूफ़ान उठ रहे होते हैं,
मगर बाहर से सब सामान्य दिखाना पड़ता है।
आँखें रोना चाहती हैं,
और हम उन्हें हँसने की वजह दे देते हैं।
निवाला गले से नहीं उतरता,
फिर भी कह देते हैं भूख नहीं है।
कोई चेहरे की थकान नहीं पढ़ता,
सब बस मुस्कान देखकर लौट जाते हैं।
घर वही है, दीवारें वही हैं,
लोग भी वही हैं जिनके बीच कभी सुकून मिलता था।
मगर अब उन्हीं के बीच बैठकर
अक्सर लगता है जैसे किसी और के घर में आ गई हूँ।
जिनसे कभी हर बात कह दिया करती थी,
आज उन्हीं से अपने आँसू छिपाने पड़ते हैं।
जिनकी आवाज़ सुनकर मन हल्का होता था,
अब उन्हीं की मौजूदगी में
दिल और भारी हो जाता है।
समझ नहीं आता कि बदला क्या है
रिश्ते, लोग, घर या मैं…
बस इतना जानती हूँ कि
अब पहले की तरह कहीं मन नहीं लगता।
कभी-कभी रात को चुपचाप सोचती हूँ,
काश कोई मेरे चेहरे को नहीं,
मेरी ख़ामोशी को देख पाता।
काश कोई समझ पाता कि
मैं चुप इसलिए नहीं हूँ कि कहने को कुछ नहीं,
बल्कि इसलिए कि अब कहने की हिम्मत नहीं बची।
और फिर सुबह होती है,
मैं वही मुस्कान पहन लेती हूँ,
वही सबके बीच बैठती हूँ,
वही कहती हूँ मैं ठीक हूँ।
बस अब यह नहीं जानती
कि यह सबको यक़ीन दिलाने के लिए कहती हूँ,
या ख़ुद को…
प्राची गुर्जर …..