न जाने कितने चेहरों से नक़ाब उतर गए,
वही अपने थे जो बुरे वक़्त में मुकर गए।
ज़रा सी तेज़ क्या चलीं हवाएँ इम्तिहान की,
भरोसों के जो महल थे ज़मीं पे बिखर गए।
जिन्हें हम अपनी हर ख़ुशी का राज़दार कहते थे,
वो आज अजनबियों की तरह पास से गुज़र गए।
हज़ारों भागते रहे पनाह ढूँढने को जब,
वफ़ा के चंद लोग थे जो आँधियों में ठहर गए ।
'राजेश' जब ज़रूरत थी मुझे किसी के साथ की,
जो कल तलक अज़ीज़ थे न जाने वो किधर गए।