Hindi Quote in Thought by VIRENDER VEER MEHTA

Thought quotes are very popular on BitesApp with millions of authors writing small inspirational quotes in Hindi daily and inspiring the readers, you can start writing today and fulfill your life of becoming the quotes writer or poem writer.

श्राद्ध पक्ष का मानना या न मानना. . . एक प्रश्न !!
(श्राद्ध पक्ष समाप्ति विशेष)

हिन्दू संस्कृति के अनुसार ये एक शाश्वत नियम है कि मृत्यु केवल शरीर को प्राप्त होती है, आत्मा अजर-अमर है और वह समय अनुसार दूसरे शरीर (अर्थात एक नए जन्म) को धारण करती है तो यहाँ एक स्वाभाविक सा प्रश्न उठता है; जब हमारे 'पितरों' ने पुनर्जन्म ले लिया है, तो हम श्राद्ध किसके लिए करते हैं ?

प्रश्न स्वाभाविक है और विचारणीय भी।

यहाँ यदि सनातन धर्म के मूल में इन बातों पर विचार करें, तो हो सकता है कुछ बातें तर्कहीन भी लगें और कई कर्म मान्यताएं केवल झूठ या पाखंड भी लगें। लेकिन वास्तव में सनातन धर्म में इस प्रश्न को केवल शरीर या आत्मा के संदर्भ में नहीं, बल्कि श्रद्धा, कर्तव्य, कर्म और पीढ़ियों के आपसी संबंध से जोड़ा गया है। यदि भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण के शब्दों को देखें, तो एक शरीर द्वारा पुराने वस्त्रों को त्यागकर नया शरीर धारण करने के मूल में यही भाव सामने आता है कि शरीर भले ही नश्वर है, लेकिन आत्मा अजर-अमर है और उसकी यात्रा निरंतर आगे की ओर चलती रहती है।

अतः यदि थोड़ा गहरे में सोचें, तो सही में श्राद्ध का अर्थ यह नहीं है कि हम अपने पूर्वजों को उसी पुराने शरीर में उपस्थित मानकर उन्हें जल या भोजन पहुँचा रहे हैं। श्राद्ध का मूल भाव है—उनका स्मरण करना, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और उनके कल्याण की कामना करना।

यदि हम मान लेते हैं कि हमारे पूर्वज पुनर्जन्म ले चुके हैं, तो अवश्य ही वे कहीं किसी नए परिवार में एक नया जीवन जी रहे होंगे; लेकिन जरा विचार कीजिए, जिन पूर्वजोँ ने हमारे परिवार में कभी पिता, माता-पिता, दादा-दादी के रूप में हमारा पालन-पोषण किया था, क्या उनका महत्व और भावनात्मक स्थान इस लिए समाप्त हो जाता है कि वह हमारे जीवन से जा चुके हैं। हम जिस वंश, परिवार, संस्कार और जीवन-परंपरा से जुड़े हैं, उसका इतिहास हमारे पूर्वजों से ही बनता है। उनका स्मरण किसी एक शरीर तक तो सीमित हो ही नहीं सकता। क्या हम उनके नाम (या अपने वंश) पर वर्ष में एक दिन स्मरण, सम्मान और धार्मिक अर्पण की परंपरा नहीं निभा सकते जो अप्रत्यक्ष में सहज ही श्रद्धा और प्रकृति से भी जुड़ी हुई है।

वस्तुतः श्राद्ध अपने पितरों तक जल या भोजन अर्पित करने का आयोजन मात्र नहीं है, बल्कि यह उनके संबंधों के प्रति हमारी श्रद्धा का परिचायक है। श्राद्ध उनके प्रति एक कृतज्ञता है, एक परंपरा है, जिसे हम निभाते हैं, निभाना ही चाहिए।

और यही श्राद्ध के नाम में भी निहित है. . .

श्रद्धया क्रियते इति श्राद्धम्।
अर्थात श्रद्धा से किया जाने वाला कर्म।

सादर।।
. . . वीर।। 💝

Hindi Thought by VIRENDER  VEER  MEHTA : 112038976
New bites

The best sellers write on Matrubharti, do you?

Start Writing Now