पुणे शहर की यह धरा......

पुणे शहर की यह धरा, मन में भरे उमंग।
किला सिंहगढ़ का यहाँ, छाई-शिवा तरंग।।

हरियाली चहुँ ओर है, ऊँचे शिखर पहाड़।
मौसम की अठखेलियाँ, मातृ-भूमि से लाड़।।

भीमाशंकर है यहाँ, अष्ट विनायक सिद्ध।
दगड़ू सेठ गणेश जी, मंदिर बहुत प्रसिद्ध।।

महाबलेश्वर की छटा, फिल्म जगत की जान।
शिव मंदिर प्राचीन यह, हरित प्रकृति की शान।।

छत्रपति महाराज की, धरा रही यह खास।
जन्म भूमि शिवनेरि की, नगरी आई रास।।

मराठा साम्राज्य का, केन्द्र बिंदु यह खास।
मुगलों के हर आक्रमण, प्रतिउत्तर आभास।।

छल-छद्मों को मार कर, जीते थे हर युद्ध।
गले लगाया प्रजा को, बनकर गौतम बुद्ध।।

मुगलों का हो आक्रमण, अंग्रेजों से युद्ध।
पुणे-मराठा अग्रणी, यश-अर्जन सुप्रसिद्ध।।

पेशवाइ साम्राज्य का, प्रमुख रहा यह केंद्र।
स्वाभिमान स्वातंत्र्य की, ज्योति जली रमणेंद्र।।

विदेशों से कम नहीं, पूना का परिवेश।
ऊँची बनीं इमारतें, देतीं शुभ संदेश ।।

शिक्षा का यह केंद्रबिंदु, रोजगार भरपूर।
शांत सौम्य वातावरण, दर्शनीय हैं टूर।।

आई टी का हब बना, विश्व में चर्चित नाम।
देश विदेशी कंपनियाँ, करें रात-दिन काम।।

बैंगलोर मुंबई नगर, प्रसिद्ध हैदराबाद।
पुणे शहर की शान को, सब देते हैं दाद।।

भारत का छठवाँ शहर, बना हुआ अनमोल।
शहर बड़ा यह काम का,सभ्य सुसंस्कृति बोल।।

मनोज कुमार शुक्ल *मनोज*

Hindi Poem by Manoj kumar shukla : 111955555

The best sellers write on Matrubharti, do you?

Start Writing Now