मैं हमेशा देर कर देती हूं
लोगों को पढ़ने
इरादे समझने
झूठ की परतें हटाने
और सच को जगह दिलाने में
छल करते
ज़हर घोलते
कपट दिखाते
सच छुपाते चेहरों को पहचानने में
मैं हमेशा देर कर देती हूं
खुद को रिझाने
दिल को समझाने
खामोशी ओढ़ने
आँसुओं को रोकने
टूट कर संभलने
खोखली यादें मिटाने
और खुद से नज़रें मिलाने में